Aaj Ka Mausam Delhi, UP, Bihar, Rajasthan Weather Today (09-August-2025): आज यानी 9 अगस्त को सावन का आखिरी दिन है और भादो की शुरुआत होने वाली है। पारंपरिक रूप से बरसात के मौसम के रूप में ख्याति पाए इन महीनों में साल में सबसे अच्छी बारिश दर्ज की जाती है। मई में मानसून ने केरल में तय समय से लगभग एक सप्ताह पहले दस्तक दी थी, जिससे देश के कई हिस्सों में जल्दी बारिश शुरू हो गई थी। उत्तर भारत में भी इसी प्रभाव के चलते जुलाई-अगस्त में अब तक अच्छी बारिश देखने को मिली है। रक्षाबंधन के दिन भी यह सिलसिला बनता दिख रहा है। त्योहार पर मौसम का यह बदला मिजाज लोगों की सफर की योजनाओं पर असर डाल सकता है। आइए जानते हैं देश में आज कैसे रहने वाले हैं मौसम के हालात।
रक्षाबंधन पर कैसा रहेगा आपके शहर में मौसम (फाइल फोटो | PTI)
दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली और इसके NCR इलाके में आज मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 10 और 11 अगस्त को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। वहीं, 12 और 13 अगस्त को दिल्ली में बादल घने रहेंगे और शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने पूर्वोत्तर भारत में 9 से 14 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते वे पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें, और यात्रा से पहले मौसम और ट्रैफिक अपडेट्स पर नजर रखें।
यूपी में आज का मौसम
यूपी के पश्चिमी हिस्से में आज चमक गरज के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने जालौन, हमीरपुर और झांसी को छोड़कर सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां कोई वार्निंग नहीं है। अगले सप्ताह 11 से 13 अगस्त तक पूर्वांचल में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अलर्ट है।
आज बिहार में कैसा रहेगा मौसम
उत्तरी बिहार में आज बारिश की कुछ संभावना दिख रही है, जबकि दक्षिणी इलाकों के लिए बारिश का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। हालांकि तात्कालिक पूर्वानुमानों में यह स्थिति बदल सकती है। 9 से 12 अगस्त तक कई जिलों में तेज हवाओं और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है। आज किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया, भागलपुर, अररिया, सीतामढ़ी, सुपौल, गोपालगंज, बेतिया जैसे जिलों में आंधी-तूफान और बारिश से हालात बिगड़ सकते हैं। नेपाल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते गंडक, कोसी, बागमती और गंगा जैसी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। नतीजतन, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं और कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का कहर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है। नैनीताल, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और चंपावत जैसे जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। हिमाचल के कांगड़ा, शिमला, मनाली, धर्मशाला और कसौली जैसे पर्यटक स्थलों पर भी भारी बारिश की संभावना है, जिससे यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है। बीती रात कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के बढोगी गांव में बादल फट गया। इस घटना में अबतक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राजस्थान में मानसून ढीला
राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर जैसे पश्चिमी इलाकों में अगले दो से तीन दिन तक बारिश की संभावना कम है। हालांकि रक्षाबंधन के दिन से बादलों की हलचल और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
बंगाल-ओडिशा में जारी रहेगी बारिश, चेतावनियों पर रखें नजर
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 13 अगस्त तक भारी वर्षा हो सकती है। ओडिशा में 9 अगस्त को IMD ने अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। IMD की अपील है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन रही है वहां स्थानीय प्रशासन के निर्देशों पर नजर बनाए रखें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। खासकर रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर मौसम की यह करवट कई लोगों की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखना और सतर्क रहना ही समझदारी होगी।
