Video: बारिश ने थामी दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार! हर तरफ तक दिखी गाड़ियों की लंबी कतार, जाम से लोग बेहाल

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन और यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जलभराव और पीक आवर के चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, नोएडा समेत कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Delhi NCR Traffic Jam: लगातार हो रही बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। शाम के वक्त (पीक आवर) में कई प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे ऑफिस से निकल रहे लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और नोएडा के सेक्टर-62 की सड़क पर ट्रैफिक पूरी तरह थम गया, जबकि कालिंदी कुंज मार्ग पर भी वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। इसी बीच कई इलाकों में एक बार फिर तेज बारिश शुरू होने से स्थिति और बिगड़ गई। भारी बारिश के कारण नोएडा के सेक्टर-62 स्थित लेबर चौक पर जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं नोएडा एक्सटेंशन पर 3-4 किलोमीटर का जाम देखा गया।

रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें

बता दें कि राजधानी दिल्ली के सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। कुछ स्थानों पर पैदल चलने वालों को घुटने तक भरे पानी से होकर गुजरते देखा गया। रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच यातायात कई घंटों तक लगभग ठप रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई दोपहिया वाहन चालकों ने बारिश से बचने के लिए एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर के नीचे पनाह ली, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई।

End of Feed