शहर

Delhi News: शक ने उजाड़ा परिवार! बैटरी से हमला कर पति ने ली पत्नी की जान, फिर खुद भी खाया जहर

दिल्ली के रनहोला में एक 28 वर्षीय शख्स ने अपनी पत्नी पर शक के चलते उसपर बैटरी से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल में दोनों को मृत घोषित किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Murder News: दिल्ली के रनहोला इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां 28 साल के एक व्यक्ति ने शक के आधार पर अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। जिसके बाद खुद भी जहर खाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पत्नी फोन पर किसी से बात कर रही थी, तभी पति ने बैटरी से उसकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

2 जुलाई को पति ने की पत्नी की हत्या

यह घटना दो जुलाई को तब सामने आई जब पुलिस को बाहरी दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में हत्या की कोशिश के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली। जांचकर्ताओं ने बताया कि विवाद के बाद विनय ने 24 साल की निशा के सिर पर कथित तौर पर बैटरी से वार किया। पुलिस ने बताया कि पत्नी की हत्या के बाद विनय ने एल्युमीनियम फॉस्फाइड खा लिया। इसके बाद वह अपनी तीन साल की बेटी को लेकर पास ही कोटला विहार फेज-एक में अपनी मां के किराए के घर गया। वहां उसने अपनी बहन प्रिया को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद जहर खा लिया है।

आरोपी ने बहन को बताई वारदात

पुलिस ने बताया कि प्रिया जब उसके कमरे में पहुंची तो निशा को खून से लथपथ हालत में पाया और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी, जिन्होंने फिर पुलिस को खबर दी। उन्होंने बताया कि विनय को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया है और अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि निशा के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और घायल अवस्था में उसे संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच से पता चला कि पांच साल पहले निशा की शादी विनय से हुई थी। उनकी लगभग तीन साल की एक बेटी थी और वे पिछले छह-सात महीनों से उस इलाके में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि रनहोला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article