शहर

दिल्ली में LPG का काला खेल, महिपालपुर से 3 आरोपी गिरफ्तार; 74 गैस सिलेंडर बरामद

दिल्ली के महिपालपुर इलाके में पुलिस ने छापेमारी के बाद अवैध एलपीजी सिलेंडर जमाखोरी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 74 सिलेंडर, एक वाहन और गैस रिफिलिंग उपकरण भी बरामद हुए। आरोपी बिना लाइसेंस सिलेंडर भरकर ऊंचे दामों पर अवैध रूप से बेचते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली के महिपालपुर इलाके में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 74 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और एक वाहन बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बिहार के रहने वाले हैं तीनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय कृष्णा, 46 वर्षीय दिनेश साहू और 39 वर्षीय मिथिलेश के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वे लंबे समय से दिल्ली में रह रहे थे। जांच में पता चला है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और बिल के एलपीजी सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा करके रखे हुए थे। जिन्हें वे स्थानीय लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। आरोपी भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते थे, इसके लिए वे धातु के पाइपों का इस्तेमाल करते थे। जिससे सप्लाई में हेरफेर कर मुनाफा बढ़ाया जा सके।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान उनके पास से कुल 74 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 70 घरेलू और चार कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। घरेलू सिलेंडरों में 54 भरे हुए और 16 सिलेंडर खाली थे। वहीं कमर्शियल सिलेंडर में तीन भरे हुए और एक इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गैस भरने के उपकरण भी जब्त किए गए।

तीन सालों से अवैध करोबार में शामिल आरोपी

पुलिस ने जब आरोपियों से इन सिलेंडरों के स्टोरेज और सप्लाई से जुड़े डॉक्यूमेंट्स मांगे गए तो वे लोग कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ वसंत कुंज नॉर्थ थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन सालों से महिपालपुर इलाके में इस अवैध कारोबार में शामिल थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article