दिल्ली में आज का मौसम Delhi Weather Today (22 August 2026): दिल्ली-NCR के लोगों के लिए शनिवार की सुबह राहत लेकर आई। तड़के सुबह से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में शुरू हुई हल्की से मध्यम बारिश ने पिछले कुछ दिनों से जारी चिलचिलाती धूप और उमस को दूर भगा दिया है। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरी दिल्ली में सुबह येलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली में बारिश की संभावना
धौला कुआं और मोती बाग में झमाझम बारिश
बारिश के बाद दिल्ली के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। धौला कुआं, मोती बाग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और मंदिर मार्ग पर तेज बारिश दर्ज की गई। नोएडा और गाजियाबाद में भी शुक्रवार रात को शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार सुबह फिर से सक्रिय हो गया, जिससे वाहन चालकों को सुबह के वक्त ट्रैफिक में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कैसा रहेगा आज का तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के कारण शनिवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। आज न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने का अनुमान है, वहीं अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है। हवा की गति बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हवाएं 20-25 किमी/घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि पालम इलाके में हवा के झोंके 41 किमी/घंटे की गति तक पहुंच गए।
दोपहर और आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर तक कई इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद रात में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अगले 24 से 48 घंटों तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली के अलावा पड़ोसी राज्यों, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
