दिल्ली में आज का मौसम (14 May 2026): दिल्ली-NCR में मौसम में लगातार उलटफेर देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आंधी-बारिश के बीच मौसम रोलरकोस्टर जैसा बना हुआ है। बुधवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम को राजधानी में अचानक आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिला। कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में हो रहे इस बदलाव की वजह प्री-मानसून गतिविधियों का प्रभाव है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
तेज हवाएं, ओले और बारिश से बदला दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 14 मई को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे के आसपास दर्ज की जा सकती है। कहीं-कहीं हवा की स्पीड 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
दिल्ली में कहीं गिरे ओले कहीं चली आंधी
दिल्ली में बुधवार सुबह छिटपुट बूंदाबांदी हुई और तेज हवाएं चलीं। जिसके बाद दोपहर में तेज धूप निकल आई। जिससे गर्मी और उमस का एहसास हुआ। लेकिन देर शाम फिर से मौसम बदल गया और आंधी-तूफान के साथ कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के साथ ही गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार को आंधी और बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
दिल्ली में अगले 6 दिन मौसम का हाल
दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी फिर से परेशान कर सकती है। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। आगामी 5-6 दिनों में यहां दिन का पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। कुछ जगहों पर उमस और लू जैसे हालात परेशान कर सकते हैं। दिल्ली में रविवार तक 40 डिग्री के पार तापमान पहुंचने का अनुमान है। दिन के साथ रात में भी गर्मी में बढ़ोत्तरी होगी।
