दिल्ली में आज का मौसम (10 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में सर्दी अपने आखिरी दौर पर है। मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है। दिन में अब धूप की तपिश बढ़ गई है। जिससे हल्की गर्मी भी महसूस हो रही है। दिन का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। हालांकि सुबह-शाम अभी भी ठंड का मौसम बना हुआ है। शाम ढलते ही तापमान में फिर से गिरावट हो रही है। राजधानी में कोहरा भी लगभग गायब हो चुका है। सुबह के समय हल्की धुंध ही देखने को मिल रही है। पहाड़ी इलाकों में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में फिलहाल बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। हालांकि बारिश की यहां कोई संभावना नहीं है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा:
दिल्ली में आज कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कही हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही धुंध भी साफ हो जाएगी। मंगलवार को राजधानी में 5-10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं भी चल सकती हैं। दिन में तेज धूप भी खिलने के आसार हैं। जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। दिल्ली में आज दिन का पारा 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में पूरे हफ्ते मौसम का हाल
IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे हफ्ते मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप भी खिली रहेगी। आसमान साफ होने के कारण धूप की तपिश बढ़ने की भी संभावना है। जिससे पारा भी ऊपर चढ़ सकता है। 13 फरवरी तक राजधानी क्षेत्र में 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसके कारण प्रदूषण से भी राहत मिलने के आसार हैं। दिन में धूप के साथ तेज हवाएं के कारण मौसम भी सुहावना महसूस हो सकता है। 14 और 15 फरवरी को हवा की रफ्तार कम होकर 5 से 10 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। इस हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
आयानगर में रहा सबसे कम तापमान
दिल्ली में सोमवार को बादलों की आवाजाही देखने को मिली। इस दौरान अच्छी धूप भी खिली रही। जिसके कारण दिन में हल्की गर्मी का भी एहसास हुआ। साथ ही सर्द हवाएं भी बहती रहीं। शाम में फिर से मौसम ठंडा हो गया। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा पालम में 9.8 डिग्री, लोधी रोड में 9.4 डिग्री, रिज में 10.8 डिग्री और आयानगर में 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा।
