दिल्ली में आज का मौसम (08 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर का मौसम ट्रांसिजशन फेज में है। यह धीरे-धीरे सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है। कोहरे का प्रभाव भी काफी कम हो गया है। सुबह के समय हल्का कोहरा ही कहीं-कही देखने को मिल रहा है। आसमान साफ होने से दिन में अच्छी धूप खिल रही है। जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। साथ ही मौसम में अब गर्माहट का एहसास भी होने लगा है। फिलहाल दिल्ली में सिर्फ सुबह-शाम ही ठंड का मौसम बना हुआ है। वहीं वायु प्रदूषण की बात करें तो राजधानी में एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। हालांकि आज सुबह एयर क्वालिटी में हल्का सुधार देखने को मिल रहा है। सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 196 दर्ज किया गया, यह मध्यम श्रेणी में आता है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा।
आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध भी छाई रह सकती है। दिन में आसमान साफ होने के कारण धूप भी खिली रहेगी। दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश में बढ़ोत्तरी का एहसास हो सकता है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 डिग्री के करीब दर्ज किया जा सकता है। शाम ढलने के साथ ही तापमान में फिर कमी आएगी। राजधानी में आज न्यूनतम पारा 10 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
अगले 7 दिन दिल्ली का मौसम
दिल्ली में अगले 7 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि 9 और 10 फरवरी को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी कहीं-कहीं नजर आ सकता है। 11 फरवरी से फिर मौसम साफ हो जाएगा। 13 फरवरी तक दिल्ली में कहीं भी किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान दिन और रात के पारे में 1-2 डिग्री का उतार-चढ़ाव भी बना रह सका है। इस अवधि में दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।
