दिल्ली के पॉश कैलाश हिल्स इलाके में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के सीनियर ऑफिसर की 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, युवती अपने घर के एक कमरे में मृत मिली। उसके परिवार के सदस्यों ने उसका शव देखा। हालांकि, वारदात से पूर्व आरोपी का घर की आने का सीसीटीवी मिला, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और शाम होते-होते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मीडिया खबरों के मुताबिक, आरोपी एक OYO में छिपा था।
दिल्ली में अधिकारी की बेटी का हत्यारा गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पीली शर्ट पहनकर सुबह 6 बजकर 24 मिनट पर मेन गेट से घर की तरफ जाता है दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रही युवती का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के वक्त युवती घर में अकेली थी।
पुलिस को राहुल पर था शक
पुलिस ने बताया कि यह घटना तड़के घटी होगी, जब उसके माता-पिता जिम गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी ने इसी थोड़े समय का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और अपराध को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, घर का पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा (19) मुख्य संदिग्ध है। उसने घर में करीब आठ महीने तक काम किया, लेकिन दैनिक खरीद बिलों में हेराफेरी के आरोप में लगभग एक महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, मीणा घर से पूरी तरह वाकिफ था, जिसमें घर का डिजाइन और परिवार के सदस्यों की दिनचर्या भी शामिल थी। आरोप है कि उसे पता था कि पीड़ित के माता-पिता कब टहलने या जिम जाते हैं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी सुबह करीब छह बजे घर में घुसा, युवती पर हमला किया और उसका यौन उत्पीड़न किया। इस दौरान युवती को कथित तौर पर लाठी से पीटा गया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद हमलावर ने मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया और फिर मौके से फरार हो गया।
