Delhi Murder Case: दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में राजधानी के अलग-अलग इलाकों से हत्या की 5 वारदातें सामने आई हैं। बवाना में कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगोलपुरी में हमलावरों ने एक छात्र को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। कल्याणपुरी में एक मामूली विवाद ने ऑटो मैकेनिक की जान ले ली। वहीं मोती नगर और ख्याली इलाके में दो नाबालिकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
बवाना में कारोबारी की गोली मारकर हत्या
सबसे सनसनीखेज वारदात बाहरी बवाना इलाके में सामने आई। जहां 35 वर्षीय कारोबारी वैभव गांधी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वह अपनी फैक्ट्री के सामने मौजूद था, तभी दो बाइक सवार बदमाश आए और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे वैभव गंभीर रूप से घायल हो गया और बदमाश उसका बैग उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मंगोलपुरी में 10वीं के छात्र के सिर में घोंपा चाकू
दूसरी वारदात दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके की है। जहां सोमवार दोपहर एक सरकारी स्कूल के बाहर 10वीं के छात्र की हत्या कर दी गई। छात्र अपने स्कूल से विदाई समारोह के बाद घर लौट रहा था। तभी अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में चाकू घोंप दिया। जिससे छात्र की मौत हो गई। शुरुआती जांच में रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मोबाइल चार्जिंग को लेकर ऑटो मैकेनिक की हत्या
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिसमें ऑटो मैकेनिक 45 वर्षीय वीर सिंह की हत्या कर दी गई। त्रिलोकपुरी में उसकी दुकान पर दो युवक मोबाइल चार्ज करने पहुंचे थे। लेकिन वीर सिंह ने चार्जर देने से मना कर दिया। जिसपर उनके बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि एक युवक ने गुस्से में आकर मैकेनिक पर चाकू से कई बार वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आया सहायक रामकिशन भी चाकू लगने से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय यामीन और 28 वर्षीय यासीन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
ख्याला इलाके में नाबालिक की चाकू गोदकर हत्या
दिल्ली के ख्याला इलाके में सोमवार देर रात एक नाबालिक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 14 वर्षीय सोहिल के तौर पर हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिन्होंने बताया कि खुली जगह को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। दोनों लोग स्कूल ड्रॉपआउट हैं। हालांकि अभी हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इलाके की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि मामले की और जानकारी मिल सके।
मोतीनगर में दो युवकों पर जानलेवा हमला
मोती नगर में स्थित डीडीए पार्क में रविवार देर रात दो लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ। जिसमें 17 वर्षीय जावेद की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 25 वर्षीय मोहम्मद दानिश गंभीर रूप से घायल है। आरोपियों ने उन्हें दौड़ाकर पीछे से चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में हत्या और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है।
गोकुलपुरी में शक के चलते पति ने पत्नी के दोस्त को मारा
दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में रविवार सुबह एक शख्स ने अपनी पत्नी के दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी को पत्नी पर शक था, जिसके वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी के दोस्त रवि शर्मा को डंडे से बुरी तरह पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक दिन पहले ही गुजरात से घर लौटा था। घर पर उसने पत्नी के दोस्त की मौजूदगी को लेकर झगड़ा किया था। जिसके बाद महिला ने रवि को छत पर सोने के लिए कहा। अगली सुबह जब वह छत पर गई, तो रवि का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उसके पास खून से सना एक लकड़ी का टूटा डंडा भी पड़ा था। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी हत्या को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
