Delhi Yamuna Cleanliness Drive: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के लिए आयोजित मेगा सफाई अभियान में हिस्सा लिया। ‘एक संकल्प-स्वच्छ यमुना’ संदेश के साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत राजधानी में यमुना के 28 घाटों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया गया।
CM रेखा गुप्ता की जनता से खास अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी घाट पर सफाई अभियान में शामिल हुईं। उन्होंने लोगों से यमुना को साफ रखने में सहयोग करने की अपील की। सीएम कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन आंदोलन है, जिसे सफल बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है।
सफाई अभियान के दौरान नदी में टूटी हुई मूर्तियां, कपड़े और अन्य पूजा सामग्री बरामद हुई। मुख्यमंत्री ने लोगों से ऐसी चीजें नदी में नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे कचरे से नदी प्रदूषित होती है। यह मेगा सफाई अभियान सुबह 6 बजे शुरू हुआ और 10 बजे तक जारी रहा। इसमें दिल्ली सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
500 से ज्यादा संगठनों ने लिया सफाई अभियान में भाग
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ यमुना किनारे सफाई अभियान में भाग लिया। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में 500 से अधिक सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों के हजारों स्वयंसेवक शामिल हुए। सरकार का मकसद यमुना नदी के किनारों को स्वच्छ बनाना और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के ,सफाई अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
