शहर

‘चिकन के साथ छिपकली फ्री!’ खाना खाते ही युवक पहुंचा हॉस्पिटल; होटल सील

Muzaffarnagar Chicken Lizard Case : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चिकन खाने वाले युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।

Image

मुजफ्फरनगर में चिकन में छिपकली मिलने से होटल सील

मुजफ्फरनगर : जिले में एक होटल से खरीदे गए चिकन में मरी हुई छिपकली (Muzaffarnagar Chicken Lizard Case) मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद चिकन खाने वाले युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चिकन में निकली मरी छिपकली

जानकारी के मुताबिक, मामला मीरापुर थाना क्षेत्र के कस्बा मीरापुर स्थित होटल अलकरीम का है। बताया जा रहा है कि रोहन नाम के युवक ने सोमवार रात होटल से चिकन खरीदकर खाया था। खाने के दौरान उसे चिकन में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। जब परिवार के लोगों ने उसे बाहर निकालकर देखा तो उसमें मरी हुई छिपकली निकली। इस दौरान परिजनों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

चिकन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों का आरोप है कि चिकन खाने के कुछ देर बाद ही युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को होटल पर छापेमारी की। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए और तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया गया।

होटल को सील कर दिया गया

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि सोमवार रात थाना मीरापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ढाबे का खाना खाने के बाद एक युवक की हालत बिगड़ गई है। पुलिस टीम युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरनगर लेकर गई, जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस, फूड इंस्पेक्टर और तहसील प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में होटल को सील कर दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article