उत्तर दिल्ली में दिनदहाड़े बंदूक के दम पर 60 लाख रुपये की लूट, पुलिस ने किया 7 को गिरफ्तार
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Feb 13, 2026, 06:57 PM IST
उत्तर दिल्ली में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें दिनदहाड़े 60 लाख रुपये की लूट की गई। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें लूट की रकम बरामद होने वाली कंपनी का एक कर्मचारी भी शामिल है। घटना की जांच में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद ली गई।
उत्तरी दिल्ली में दिनदहाड़े 60 लाख रुपये की लूट (प्रतीकात्मक फोटो)
Delhi News: उत्तर दिल्ली में दिनदहाड़े बंदूक के दम पर 60 लाख रुपये की लूट के सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों में उस मोबाइल एसेसरीज कंपनी का एक कर्मचारी भी शामिल है, जिसके पास चोरी की गई रकम बरामद हुई थी। पुलिस के मुताबिक यह घटना सात जनवरी को हुई थी। शिकायतकर्ता संदीप स्वामी शास्त्री नगर के रहने वाले हैं और करोल बाग में स्थित एक मोबाइल एसेसरीज की दुकान में काम करते हैं। उन्हें विभिन्न स्रोतों से नकदी एकत्र कर कार्यालय में जमा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया कि सात जनवरी को संदीप अपने सहकर्मी शिवा के साथ रोहिणी सेक्टर-8 से करोल बाग जा रहे थे, और उनके पास 60 लाख रुपये नकद थे। दोपहर लगभग 1.45 बजे, जब वे सुभद्रा कॉलोनी स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय के पास पहुंचे, तो दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बंदूक दिखाकर नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और रोहिणी से घटनास्थल तक 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
ऐसे-ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया, जिससे उन्हें शिवा पर शक हुआ। लगातार पूछताछ के दौरान शिवा ने कथित तौर पर मंजूर किया कि वह गिरोह को नकदी की आवाजाही के बारे में जानकारी देता था। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर राजीव, करण, हितेंद्र उर्फ पहाड़ी, सनी उर्फ कैंची, कर्नैल सिंह और नदीम की पहचान हुई।
क्या-क्या हुआ बरामद?
डीसीपी ने बताया कि 11 जनवरी को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से नकदी और पीड़ितों का पीछा करने के लिए इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद हुआ। बाकी चार आरोपियों को 27-28 जनवरी को हिंदूराव अस्पताल के पास कार से दिल्ली से भागते समय पकड़ा गया। कुल मिलाकर 28.12 लाख रुपये नकद, एक स्कूटर, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
पड़ोसियों और अन्य के साथ रची साजिश
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में यह सामने आया कि शिवा ने अपने पड़ोसियों कर्नैल सिंह और राजीव समेत अन्य के साथ मिलकर साजिश रची थी और कंपनी की नकदी की जानकारी साझा की थी। अधिकारी ने यह भी बताया कि गिरोह करोल बाग में दो करोड़ रुपये से अधिक की एक और सशस्त्र लूट की योजना बना रहा था, जिसे उनकी गिरफ्तारी के बाद रोक दिया गया। पुलिस के अनुसार कई आरोपी पहले भी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हथियार दिखाकर लूट, झपटमारी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में शामिल रहे हैं।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
