Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी गुरुवार को मध्य प्रदेश के मुरैना में एक रैली को संबोधित करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी को याद किया, जिस दौरान वह भावुक हो गईं। प्रियंका गांधी ने कहा कि 19 साल की उम्र में, जब मैं अपने शहीद पिता के टुकड़े घर लाई, तो मैं इस देश से नाराज थी, क्योंकि आपकी जिम्मेदारी उन्हें सुरक्षित रखने की थी। उन्होंने कहा कि हम नाराज भी उसी से होते हैं, जिनसे हम प्यार करते हैं।
प्रियंका गांधी।
मंच पर भावुक हुईं प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब मोदी जी मंच से खड़े होकर मेरे पिता को देशद्रोही कहते हैं, जब मोदी जी कहते हैं कि उन्होंने विरासत में संपत्ति के लिए कानून बदल दिए, तब मोदी जी ये बात नहीं समझ पाते हैं कि मेरे पिता को विरासत में शहादत मिली है। प्रियंका गांधी ने आगे ने कहा कि मेरे पिता को क्या मिला, ये आप (जनता) समझ सकते हैं।
पिता को याद कर पीएम पर निशाना
प्रियंका गांधी ने लोगों से कहा कि जब आपके बेटे इस देश के लिए शहीद होते हैं, तब मैं समझ सकती हूं कि आपके दिल में क्या भावना होती होगी, क्योंकि वही भावना मेरे दिल में होती है। उन्होंने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब ये हमला हुआ और मैं शहीदों के घर गई तो वहां उनके भाई-बहनों ने कहा कि मैं भी सेना में जाऊंगा, ये शहादत की भावना है, जो मोदी जी नहीं समझ सकते हैं।
प्रियंका गांधी ने साधा निशाना
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज देश में बेरोजगारी इस कदर बढ़ गई है, जो पिछले 45 सालों में नहीं थी। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके माता-पिता मेहनत करके पढ़ाते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने महंगाई पर बोलते हुए कहा कि आज गैस इतना महंगा हो गया है, अन्य चीजें की सोने के भाव हैं। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को प्रत्येक महीने 8500 रुपये देंगे। साथ ही युवाओं को रोजगार मिलेगा।
