Cockroach Janata Party Registration: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बने संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को अब राजनीतिक में उतारने की कोशिश शुरू हो गई है। हरियाणा के 35 वर्षीय एक वकील ने निर्वाचन आयोग में आवेदन देकर CJP को राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत करने की मांग की है। उन्होंने खुद को इस पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाने का प्रस्ताव रखा है। पानीपत निवासी वकील सुधीर जाखर ने कहा कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि हाल के दिनों में प्रधान न्यायाधीश (CJI) के बयान को लेकर लोगों में जो भावनाएं और प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, उन्हें एक राजनीतिक मंच देना जरूरी है।
हरियाणा के वकील ने CJP के रजिस्ट्रेशन के लिए चुनाव आयोग में दी अर्जी
लोगों की भावनाओं को मंच देना जरूरी
वकील ने कहा कि चूंकि व्यंग्यात्मक डिजिटल संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके विदेश में हैं और किसी को नहीं पता कि वह कब लौटेंगे, इसलिए उन्होंने यह कदम खुद उठाया। जाखर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया, "मुझे लगा कि जब लोगों की इतनी भावनाएं इससे जुड़ गई हैं, तो हमें इसे आगे बढ़ाना चाहिए। और ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका इसे राजनीतिक संगठन के रूप में पंजीकृत कराना है।"
वकील ने कहा- किसान आंदोलन में मेले खिलाफ हुए केस
वकील ने बताया कि वह युवावस्था में छात्र नेता थे और तीन कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने के खिलाफ किसानों के विरोध प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल थे। पानीपत के वकील ने कहा, "किसान आंदोलन के दौरान मेरे खिलाफ मुकदमे भी चले थे।"
कॉकरोच जनता पार्टी क्या है?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया आंदोलन है। इसकी शुरुआत 16 मई को पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट अभिजीत दीपके ने की। यह कोई पंजीकृत राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऑनलाइन आंदोलन है। CJP खुद को 'lazy and unemployed' युवाओं की आवाज बताती है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा कुछ बेरोजगार युवाओं के रवैये पर 'कॉकरोच' शब्द इस्तेमाल किए जाने के बाद एक युवा ने इसे व्यंग्य के रूप में अपनाया और सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' की शुरुआत की। यह विचार तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो गया और लोग इस अनोखे डिजिटल विरोध से जुड़ते चले गए।
(इनपुट - भाषा)
