Chhapra Firing: बिहार के छपरा में चुनाव के बाद हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना से छपरा में तनाव का माहौल बना हुआ है। यहां की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को बंद किया था। परिस्थितियों में सुधार न होने के कारण आने वाले दो दिनों तक इंटरनेट सेवा को बंद करने का फैसला लिया गया है। बता दें कि छपरा में फायरिंग पांचवें चरण के चुनाव के अगले दिन हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हुई थी।
दो दिन और बंद रहेगी छपरा में इंटरनेट सेवा
छपरा फायरिंग के बाद तनाव का माहौल
बिहार के छपरा में 20 मई को हुए लोकसभा चुनाव के बाद फायरिंग का मामला सामने आया था। यहां चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। पुलिस ने मामले को संभालते हुए इसे खत्म किया। लेकिन अगले दिन ये मामला इतना बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई। इस फायरिंग में राजद समर्थक एक युवक की मौत हो गई। छपरा में फायरिंग और पथराव के बाद तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है, जिसके चलते इंटरनेट सेवा को और दो दिन यानी 25 मई की शाम तक बंद करने का फैसला लिया गया है।
तनाव फैलाने के मामले में 150 लोग गिरफ्तार
छपरा जिला में पांचवें चरण के चुनाव के बाद बढ़ते विवाद में हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में तनाव फैला हुआ है। पुलिस ने हिंसा और उपद्रव करने वाले 150 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें भाजपा और राजद के समर्थक शामिल है। पुलिस ने बताया कि मामले को शांत करने के लिए समझाने-बुझाने के बाद भी इन लोगों ने हंगामा किया। वहीं दूसरी तरफ छपरा के बड़ा तेलपा मोहल्ले के मनोज कुमार ने पुलिस में FIR की और बताया कि यहां राजद प्रत्याशी ने फर्जी मतदान के लिए दबाव बनाया। उन्होंने ये भी बताया कि बूथ संख्या 318 और 319 में मारपीट भी की गई।
