FIR In ASI Sandeep Lathar Suicide Case: हरियाणा के रोहतक जिले में एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में ASI की पत्नी संतोष लाठर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार, उनके भाई और आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब विधायक अमन रतन, IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील, रोहतक आईजी ऑफिस के पुलिसकर्मी सुनील और एक अन्य व्यक्ति का नाम शामिल है।
FIR में बड़े आरोप
संतोष लाठर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति पर IAS अमनीत पी. कुमार और उनके भाई विधायक अमन रतन की ओर से लगातार दबाव डाला जा रहा था, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएस वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद ईमानदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर उनके परिवार ने भी दबाव बनाया था, जिससे मानसिक तनाव में आकर संदीप लाठर ने यह कदम उठाया।

दर्ज की गई FIR की कॉपी
क्या है मामला
संदीप लाठर, जो रोहतक साइबर सेल में तैनात थे, ने 14 अक्टूबर को अपने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आत्महत्या से पहले एक वीडियो संदेश भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें कहा गया कि आईपीएस पूरन कुमार की आत्महत्या जातिगत मुद्दा नहीं बल्कि भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला थी। लाठर के चार पन्नों के सुसाइड नोट में भी कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इन्हीं बयानों और सुसाइड नोट की सामग्री के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की है।
SIT करेगी मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतक पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। चार सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व डीएसपी दिलीप सिंह कर रहे हैं, जबकि इसमें सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार, एक सब-इंस्पेक्टर और एक ASI को भी शामिल किया गया है। SIT जल्द ही मामले से जुड़े कई अहम लोगों से पूछताछ करेगी, जिनमें IPS पूरन कुमार की पत्नी, IAS अमनीत पी. कुमार, उनके भाई विधायक अमन रतन और अन्य अधिकारी शामिल हैं।
