Chandigarh: चंडीगढ़ प्रशासन शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक व्हीकल पार्किंग की समस्या को हल करने के लिए अपना खजाना खोल दिया है। शहर में पार्किंग की समस्या को कम करने के लिए प्रशासन ने एक बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा की है। जिसके तहत शहर के सेक्टर-11 की मार्केट में प्रशासन अब 100 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड पार्किंग बनाएगा। इस अंडरग्राउंड पार्किंग में एक साथ 220 वाहन खड़े हो सकेंगे। पूरी तरह से ऑटोमेटिक यह पार्किंग चंडीगढ़ मास्टर प्लान 2031 के तहत बनाई जाएगी। इस पार्किंग के बनने से यहां आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
शहर के सेक्टर-11 में बनाई जाएगी यह पार्किंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बता दें कि, शहर में इस समय वाहन ज्यादा हो गए हैं और पार्किंग स्पेस कम है। जिसकी वजह से मार्केट्स की पार्किंग ज्यादातर समय में फुल ही रहती हैं। मजबूरन लोग सड़क पर वाहन खड़े करते हैं। इससे जहां सड़क पर जाम लगता है, वहीं चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस भी चालान करने के अलावा ऐसे वाहनों को टो कर लेता है। सेक्टर-11 में अभी बाजार के सामने सरफेस पार्किंग है उसमें अभी कुल 80 वाहन ही पार्क हो सकते हैं। इसकी वजह से यहां दिनभर जाम की समस्या बनी रही है। अंडरग्राउंड पार्किंग बनने के बाद ऊपर का एरिया नो व्हीकल जोन बना दिया जाएगा। इससे पैदल चलने के लिए लोगों को ज्यादा स्पेस मिलेगा।
