चण्डीगढ़

पंजाब में हो सकता था ग्रेनेट अटैक! 'पाक' के आकाओं के संपर्क में थे गुर्गे; ISI नेटवर्क से जुड़े 10 अरेस्ट

प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी ग्रेनेड की आपूर्ति करने के लिए समन्वय स्थापित करने हेतु मलेशिया स्थित तीन गुर्गों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित संचालकों के संपर्क में थे। डीजीपी यादव ने बताया कि आरोपियों को राज्य में अशांति पैदा करने के लिए आबादी वाले इलाके में ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था।

Image

पंजाब पुलिस (फोटो-Twitter)

चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा समर्थित हमले के एक नेटवर्क का बृहस्पतिवार को पर्दाफाश कर इस सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पंजाब में अशांति पैदा करने के लिए ग्रेनेड हमला करने हेतु पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में थे। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों में से तीन की पहचान कुलदीप सिंह, शेखर सिंह और अजय सिंह उर्फ अजय के रूप में हुई है और वे सभी श्री मुक्तसर साहिब के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि अमरीक सिंह, परमिंदर उर्फ चिरी, विजय, सुखजीत सिंह उर्फ सुख बराड़, सुखविंदर सिंह, करणवीर सिंह उर्फ विक्की और साजन कुमार उर्फ संजू को सहायक के तौर पर उनकी भूमिका के लिए अलग-अलग जेलों से पेशी वारंट पर लाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चीनी ग्रेनेड भी बरामद किया है।

मलेशिया से पाकिस्तान का था संपर्क

न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी ग्रेनेड की आपूर्ति करने के लिए समन्वय स्थापित करने हेतु मलेशिया स्थित तीन गुर्गों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित संचालकों के संपर्क में थे। डीजीपी यादव ने बताया कि आरोपियों को राज्य में अशांति पैदा करने के लिए आबादी वाले इलाके में ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर जोधेवाल थाने में संदिग्धों कुलदीप सिंह, शेखर सिंह और अजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस टीमों ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।शर्मा ने कहा कि विदेश से आतंकवादी गतिविधियां संचालित करने वाले आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम लागू कर ‘रेड कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया है। ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलीजेंस’ (आईएसआई) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article