शहर

पीलीभीत में घातक बना घना कोहरा; पूरनपुर हाईवे पर बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत में किशोर की मौत, 23 घायल

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में मंगलवार सुबह पूरनपुर हाईवे पर घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अचानक सामने आए पशु को बचाने के प्रयास में ट्रक और नेपाल-भारत मैत्री सेवा की बस की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे बस खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में नेपाल निवासी 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।

Tragic Road Accident in Pilibhit

पीलीभीत में बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Pilibhit Road Accident: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पूरनपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। थाना गजरौला क्षेत्र में घने कोहरे के कारण सामने अचानक एक पशु आ जाने पर उसे बचाने की कोशिश में एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद भारत-नेपाल मैत्री सेवा की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जबकि ट्रक सड़क पर पलट गया। इस हादसे में नेपाल निवासी 11 वर्षीय सुभान की मौके पर मौत हो गई और 23 अन्य यात्री घायल हो गए।

नेपाल-भारत मैत्री सेवा की बस से भिड़ंत

पीलीभीत जिले की गजरौला थाना पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के थाना गजरौला की जरा चौकी क्षेत्र में सकरिया तिराहे के पास एक हादसा हो गया। पीलीभीत की ओर जा रहा ट्रक अचानक सड़क पर आए पशु को बचाने के कोशिश में मुड़ गया, तभी सामने से पूरनपुर की दिशा से आ रही नेपाल-भारत मैत्री सेवा की बस से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में सड़क पर अफरातफरी मच गई और दोनों वाहन पलट गए।

खाई में जा गिरी बस

टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में जा गिरी, जबकि ट्रक बीच मार्ग पर ही पलट गया। हादसे में कई यात्री सीटों और उनके सामान के नीचे फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले मरीजों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।

नेपाल निवासी किशोर की मौत

हादसे में घायल नेपाल निवासी 11 वर्षीय सुभान की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत मुख्यालय भेजा गया है और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गजरौला थाना प्रभारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार सभी यात्री नेपाल के निवासी थे, जो रोजगार की तलाश में दिल्ली जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article