Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के बडगाम के अशदार गली इलाके में खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चुनौती दी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। उसके पास से AK राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है।
बडगाम मुठभेड़ (फाइल फोटो)
गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश के बडगाम जिले में सेना और पुलिस के संयुक्त बलों ने एक बड़ा एंटी-टेरर (आतंकवाद विरोधी) ऑपरेशन शुरू किया। पीटीआई के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई जिले के दूरदराज और घने जंगलों वाले इलाके में चलाई जा रही है, जहां संदिग्ध आतंकियों के छिपे होने की पक्की खबर मिली थी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को गुरुवार को ही सील कर दिया था ताकि आतंकी जंगल का फायदा उठाकर भाग न सकें। इलाके में अतिरिक्त बल भी तैनात किए जा रहे हैं। सेना और पुलिस का यह साझा अभियान आतंकियों का सफाया होने तक जारी रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Baljeet Singh Death: बंद कमरे से आ रही थी बदबू, दरवाजा खुलते ही बेड पर मिली लाश... लुधियाना में पंजाबी सिंगर बलजीत सिंह की संदिग्ध मौत
खुफिया सूचना के आधार सुरक्षाबलों ने की कार्रवाई
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि आतंकवादियों का एक संदिग्ध समूह पुलवामा जिले के पाखरपोरा इलाके से निकलकर बडगाम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल युसमर्ग के जंगलों की तरफ बढ़ रहा है। खुफिया सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने बिना कोई वक्त गंवाए पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी और घने जंगलों के अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
रियासी में तलाशी अभियान के दौरान हथियारों का एक जखीरा बरामद
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को एक तलाशी अभियान के दौरान हथियारों का एक जखीरा बरामद किया जिसमें एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड और 184 गोलियां शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस अभियान के दौरान, बलों ने युद्ध जैसा साजो-सामान बरामद किया, जिसमें एके-47 राइफल की 140 गोलियां, पिका (मशीन गन) की 19 गोलियां, पिस्तौल की 25 गोलियां, एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड, छह कैसेट और एके की एक मैग्जीन शामिल हैं।
