Odisha Brave Dog Saves Children: ओडिशा के मयूरभंज जिले के धिराकुला गांव से इंसानियत और वफादारी की एक मार्मिक मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। यहां एक कुत्ते ने अपनी जान की परवाह किए बिना 30 से अधिक छोटे बच्चों की जिंदगी बचाकर असाधारण साहस का परिचय दिया। घटना उस समय की है जब गांव के एक स्कूल के बाहर किंडरगार्टन के बच्चे खेल में मग्न थे। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एक जहरीला सांप धीरे-धीरे उनकी ओर बढ़ रहा है।
सांप ने कई बार कुत्ते को काटा
खतरा बेहद करीब था, लेकिन बच्चों की खिलखिलाती मुस्कुराहटों के बीच किसी को इसका एहसास नहीं हुआ। तभी पास में मौजूद कुत्ते ने स्थिति को भांप लिया और तुरंत सतर्क हो गया। बिना देर किए वह कुत्ता तेजी से सांप की ओर लपका और उसे बच्चों से दूर रोकने के लिए भिड़ गया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चला। इस दौरान सांप ने कई बार कुत्ते को काटा, खासकर उसके चेहरे और मुंह पर। दर्द और जहर के असर के बावजूद कुत्ते ने हार नहीं मानी और लगातार लड़ता रहा। अंततः उसने सांप को मार गिराया, लेकिन तब तक जहर उसके शरीर में फैल चुका था।
ग्रामीणों ने पूरे सम्मान के साथ कहा अलविदा
बताया गया कि, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद कुत्ता वहीं गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। उसकी इस बहादुरी के कारण एक भी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। इस पूरी घटना के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को एक सच्चे रक्षक के रूप में सम्मान दिया और सफेद कपड़े में लपेटकर उसका अंतिम संस्कार किया। फूलों से सजी विदाई और भावुक माहौल ने इस बात को साबित कर दिया कि वह केवल एक जानवर नहीं, बल्कि बच्चों का सच्चा हीरो था, जिसकी बहादुरी हमेशा याद रखी जाएगी।
