शहर

बहादुरगढ़ में फैक्ट्री का बॉयलर फटा, लेंटर गिरने से कई मजदूर मलबे में दबे; राहत और बचाव कार्य जारी

Bahadurgarh Factory Blast: बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-बी में स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और बिल्डिंग का लेंटर गिर पड़ा।

Bahadurgarh Factory Blast: हरियाणा के बहादुरगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-बी के प्लॉट नंबर 2224 में स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री (Bahadurgarh fire accident) में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और दो मंजिला इमारत का लेंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय फैक्ट्री में कैमिकल और ग्लू बनाने का काम चल रहा था। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी इसकी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

फायर विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

लेंटर गिरने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत कार्य के दौरान अब तक चार से पांच मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया है। सभी घायलों को पहले सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बाद में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।

चार से पांच लोगों के फंसे होने की आशंका

प्रशासन का कहना है कि फैक्ट्री के अंदर अभी भी चार से पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसी वजह से राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मौके पर जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बॉयलर में धमाका किस कारण हुआ। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग फैक्ट्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article