Gurugram News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 129वें एवं वर्ष 2025 के अंतिम एपिसोड को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने पूरे देश में विशेष रूप से “मन की बात – टिफिन बैठक के साथ” के रूप में आयोजित किया। इसी श्रृंखला में भाजपा किसान मोर्चा हरियाणा प्रदेश द्वारा गुरुग्राम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के नेतृत्व में राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम को सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सरल भाषा में प्रेरक नागरिक कहानियों, राष्ट्र एकता, विकास, कृषि कल्याण और किसान सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम को सुनने के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं के बीच जनसेवा और संगठन विस्तार के विषय पर चर्चा हुई तथा राष्ट्रहित में समर्पण के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का किसान विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में ‘कदम से कदम मिलाकर’ साथ खड़ा है।
चाहर ने कहा, “2047 में विकसित भारत का जो लक्ष्य है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही पूर्ण हो सकता है।” उन्होंने प्रधानमंत्री को किसानों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसान सशक्तिकरण और कृषि विकास को प्राथमिकता दे रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू कुमार, जिला अध्यक्ष अजीत, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर, स्थानीय विधायक तेजपाल तंवर, प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष सरोज बालाजी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मनोज राव यादव, राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी राजेंद्र भारद्वाज, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष विपुल त्यागी, प्रदेश महामंत्री सुनील वत्स सहित प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
