शहर

Bijnor Accident: बिजनौर के हरिद्वार मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौत

Bijnor Road Accident: यूपी के बिजनौर में एक तेज रफ्तार कार और डंपर की टक्कर हो गई, जिसमें कार में सवार 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने चारों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

बिजनौर के हरिद्वार मार्ग पर दर्दनाक हादसा

Bijnor Road Accident: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक तेज रफ्तार कार व डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने सड़क दुर्घटना में शामिल कार और डंपर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

सड़क हादसे में चार लोगों की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा हरिद्वार रोड पर नंगल थाना क्षेत्र में देर रात का हुआ, जब चारों लोग कार में सवार होकर मदरसे के जलसे से लौट रहे थे। तभी उनकी कार सड़क पर आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी चारों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय कार के एयरबैग नहीं खुले, जिसके कारण सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने कटर की मदद से गाड़ी के दरवाजे काटकर शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

किस वजह से हुआ हादसा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा हरिद्वार मार्ग पर गांव से लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। हादसे का मुख्य कारण क्षेत्र में छाया घना कोहरा और कार की अत्यधिक तेज रफ्तार मानी जा रही है, जिसकी वजह से चालक को आगे चल रहा डंपर दिखाई नहीं दिया होगा। मृतक राहतपुर खुर्ग गांव के एक मदरसे में आयोजित जलसे में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article