Patna News: राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी हिंसा और उपद्रव देखने को मिला। बड़ी पहाड़ी और जीरो माइल के समीप एक तेज रफ्तार बेकाबू यात्री बस ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और क्षेत्र में भयानक हिंसा भड़क उठी।
भड़की भीड़ ने फूंकी कई गाड़ियां
उग्र भीड़ ने की आगजनी और तोड़फोड़
हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद उग्र हुई भीड़ ने एनएच-30 को पूरी तरह से जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली यात्री बस को आग के हवाले कर दिया। गनीमत रही कि बस में सवार यात्री समय रहते बाहर निकल गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया और पुलिस की 3 गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। आग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों ने पथराव कर खदेड़ दिया, जिससे स्थिति काफी देर तक अनियंत्रित रही।
NH-30 पर लगा लंबा जाम, स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी पुलिस
हिंसा और आगजनी की इस घटना के कारण एनएच-30 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटना सिटी SDM सत्यम सहाय और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सड़क से हटा दिया गया है और यातायात बहाल कराने का प्रयास जारी है। उपद्रव और आगजनी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान वीडियो फुटेज के जरिए की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
