बिहार में आज का मौसम (22 Mar 2026): बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। रविवार सुबह जब लोग सोकर उठे, तो समस्तीपुर, मधुबनी और गोपालगंज समेत कई जिले कोहरे की सफेद चादर में लिपटे नजर आए। विजिबिलिटी इतनी कम थी कि सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई। मौसम विभाग ने आज यानी रविवार (22 मार्च) को राज्य के 6 उत्तरी जिलों, जिनमें सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं, इनके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली कड़कने की प्रबल संभावना है।
बिहार में आज भी आएगी बारिश
कहीं गिरे ओले, कहीं चली 70 किमी की हवा
पिछले दो दिनों में हुई मौसमी घटनाओं ने राज्य में गहरा जख्म दिया है। आकाशीय बिजली और आंधी की चपेट में आने से कुछ लोगों की जान जा चुकी है। सबसे ज्यादा तबाही सीमांचल के इलाकों में देखी गई, जहां अररिया और पूर्णिया में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए बवंडर ने घरों की छतें उड़ा दीं और पेड़ों को जड़ से उखाड़ फेंका। पटना समेत कई जिलों में शनिवार को ओले गिरे, जिससे सड़कों पर जलजमाव हो गया और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई।
अन्नदाता पर मौसम की मार
किसानों के लिए यह बारिश किसी काल से कम नहीं है। खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं और मक्के की फसलें तेज आंधी के कारण जमीन पर बिछ गई हैं। दलहन और तेलहन की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।
26 मार्च से फिर बदलेगा खेल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 23 से 25 मार्च के बीच मौसम थोड़ा शांत रहेगा और धूप निकलने से तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है। 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पूरे बिहार पर पड़ेगा। 27 मार्च को पूरे प्रदेश में तेज आंधी और बारिश का 'अलर्ट' जारी किया गया है। अगले एक हफ्ते तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच बना रहेगा।
