शहर

बिहार में छात्र आंदोलन हुआ हिंसक, छपरा में छात्रों ने पुलिस पर किया पथराव; पटना-सासाराम में भी भड़का बवाल

Students Protest In Bihar: बिहार बंद के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन कई जिलों में उग्र हो गया। छपरा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। पटना के गांधी मैदान और सासाराम में भी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प व पथराव की घटनाएं सामने आईं। हालात को देखते हुए कई जगह भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Image

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर बिहार में बवाल।

Students Protest In Bihar: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर बिहार बंद के दौरान शनिवार को कई जिलों में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। छपरा, पटना और सासाराम में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिली। छपरा में प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए कार्रवाई की, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रदर्शनकारी पथराव करते और पुलिस उन्हें तितर-बितर करती दिखाई दे रही है।

वहीं, बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। उधर, सासाराम में भी छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। पथराव और हंगामे के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। बिहार के कई हिस्सों में जारी इस आंदोलन के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

दिल्ली का जंतर-मंतर बना प्रदर्शन का केंद्र

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, कथित NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और विभिन्न संगठनों के समर्थक मौजूद हैं।

इस बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है और पूरे इलाके पर सीसीटीवी व अन्य निगरानी व्यवस्था के जरिए नजर रखी जा रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article