लखीसराय: जिले में बुधवार की सुबह एक अज्ञात वाहन और ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में 5 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हैं। हादसा रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर बिहरौरा गांव के पास हुआ है।
लखीसराय में बड़ा हादसा
ऑटो में सवार थे 14 लोग
जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ऑटो में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से एक्सीडेंट से अबतक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। शेष घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा था। इस हादसे में ऑटो चालक मनोज कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। फिलहाल, पुलिस मृतक के मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना देकर पता लगाने में जुटी है। कुछ घायलों की पहचान कर ली गई है। इनमें पचना रोड लखीसराय के सागर यादव, मुंगेर जमालपुर के रितिक कुमार की पहचान हुई है।
8 लोगों की मौके पर मौत
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मृतक मनोज कुमार के जीजा अनिल मिस्री तेतरहाट थाना क्षेत्र के महिसोना गांव निवासी ने बताया की हमारा साला ड्राइवर मनोज कुमार को कुछ लोगों को रिजर्व कर हलसी से लखीसराय ला रहा था। तभी हलसी से लखीसराय आने के दौरान रामगढ चौक थाना क्षेत्र के झूलौना के पास ट्रक और सीएनजी टेंपो में आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमे 14 लोग घायल हो गए। उनमें से आठ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बाकी बचे 6 लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर एक और घायल शख्स की मौत हो गई।
हादसे की जांच
नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया की हादसा झूलना गांव के पास हुआ है। टेंपो पर सवार सभी लोग हलसी से लखीसराय आ रहे थे। हालांकि किन कारणों से हलसी से लखीसराय सभी लोग आ रहे थे, इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक मुंगेर के रहने वाले बताये जा रहे हैं, इसमें से एक लखीसराय का रहना वाला था। सभी मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। उक्त घटना बड़ी है जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही।
