भोपाल

Bhopal: वल्लभ भवन का होगा रिनोवेशन, 86 करोड़ के बजट से इसी महीने शुरू होगा काम

वल्लभ भवन की पुरानी इमारत का नवीनीकरण इस महीने से आरंभ होने जा रहा है। यह प्रक्रिया पांचवें मंजिल से शुरू होगी, जहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी तथा कर्मचारी पहले कार्यरत रहे हैं।

Image

इसी महीने शुरू होगी मरम्मत (तस्वीर साभार- Wikipedia)

Bhopal News: भोपाल स्थित वल्लभ भवन की पुरानी बिल्डिंग का रेनोवेशन इसी माह शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत भवन के पांचवें मंजिल से होगी, जहां नई बिल्डिंग बनने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम सचिवालय का दफ्तर हुआ करता था। इसके बाद चौथे, तीसरे, दूसरे, पहले और फिर ग्राउंड फ्लोर का कायाकल्प किया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को 19 विभागों के अफसरों के साथ बैठक कर लोक निर्माण विभाग और जीएडी रजिस्ट्रार को समन्वय बनाकर काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। रिनोवेशन के दौरान पुराने भवन की फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिसिटी लाइनों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि ठेकेदार जुलाई के अंतिम सप्ताह में काम शुरू करेगा। पहले एक अस्थायी डंपिंग यार्ड बनाया जाएगा, जिसमें पुराने फर्नीचर व सामग्री रखी जाएगी। इस पूरे काम पर 86.08 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 49.76 करोड़ सिविल वर्क और 36.32 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिकल वर्क पर खर्च किए जाएंगे।

रिनोवेशन के तहत वल्लभ भवन-2 और 3 की तर्ज पर केबिन बनाए जाएंगे। सभी कमरों में सेंट्रलाइज्ड एसी, एलईडी लाइटिंग और वीआरवी सिस्टम लगाया जाएगा। टॉयलेट्स मॉड्युलर होंगे और भवन की खूबसूरती बढ़ाने के साथ ग्रीनरी का भी ध्यान रखा जाएगा।

फायर सेफ्टी के लिए 10 पंप लगाए जाएंगे, जिसमें 2 इलेक्ट्रिक, 6 जॉकी और 2 डीजल पंप शामिल होंगे। एक फ्लोर का काम तीन से चार माह में पूरा होगा और पूरे भवन का कायाकल्प दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान विभागों की शिफ्टिंग होती रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article