भोपाल

Gwalior News: ग्वालियर में 829 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, एक थाने पर सालों से जमे अफसर हटाए गए

Gwalior News Today (ग्वालियर की बड़ी खबर): मध्य प्रदेश की ग्वालियर पुलिस में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। यहा एक साथ 829 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया गया है। एमपी के डीपीजी कैलाश मकवाना के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। इसके तहत लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Gwalior Police Transfer: मध्य प्रदेश के ग्वालियर पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है। इस दौरान विभिन्न थानों और सर्किलों में तैनात 829 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने जिले के विभिन्न थानों और सर्किलों में लंबे समय से तैनात 829 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। व्यापक स्तर की यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना के आदेश पर अमल में लाई गई है।

तबादले की ये है वजह

तबादले किए गए कई पुलिसकर्मियों में से कई ऐसे थे, जो 4 साल से लगातार एक ही थाने में तैनात थे, जबकि कुछ 10 साल या उससे अधिक समय से एक ही थाने में पदस्थ थे। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती को लेकर पुलिस महकमे पर कई बार शिकायतें और सवाल उठते रहे हैं कि इससे न केवल थानों की कार्यप्रणाली पर असर पड़ता है, बल्कि अपराधियों से गठजोड़ की आशंका भी बनी रहती है।

नियमों के अनुसार हुआ ट्रांसफर

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया, "यह तबादला प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के तहत की गई है और इसका मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में सुधार लाना है। लंबे समय तक एक ही स्थान पर जमे रहने से न केवल कर्मियों की निष्पक्षता पर प्रश्न उठते हैं, बल्कि जनता के साथ पुलिस के व्यवहार और अपराध नियंत्रण में भी गिरावट आती है।"

उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा, "यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और जो भी पुलिसकर्मी नियमों के विरुद्ध एक ही स्थान पर लंबे समय तक तैनात पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए थे कि पुलिस विभाग में निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। ग्वालियर जिले में इस आदेश का कड़ाई से पालन करते हुए एक साथ सैकड़ों तबादले किए गए हैं।"

बता दें कि जिले के पुलिस विभाग में इतनी अधिक संख्या में तबादले होने से महकमे में हलचल मच गई। हालांकि, पुलिस के इस कदम को काफी साहस भरा माना जा रहा है क्योंकि इससे न केवल पुलिस विभाग को मजबूती मिलेगी, बल्कि लंबे समय से एक ही जगह बने रहने वाले पुलिसकर्मी और स्थानीय बदमाशों के गठजोड़ के आरोपों से भी निजात मिलेगी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article