Bharatpur Accident News: राजस्थान के भरतपुर जिले में घने कोहरे के कारण देर रात को भीषण हादसा हो गया। आगरा-जयपुर हाईवे पर एक स्लीपर बस पीछे से एक ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह बस कासगंज से जयपुर की ओर जा रही थी। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और बचाव कार्य में जुट गई।दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया है, घटना के बाद काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
भरतपुर में कहां हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि यह हादसा भरतपुर में सेवर थाना क्षेत्र में लुधावई पुलिया के पास हुआ। बुधवार रात को यहां घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान एक स्लीपर बस सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के सतोवा गांव की निवासी गीता (38), उनके बेटे कान्हा (8), अलवर जिले के कठूमर के निवासी बस चालक मुखन सिंह (28) और एक अन्य के रूप में हुई है।
घने कोहरे के कारण नहीं नजर आया ट्रेलर
सेवर के पुलिस निरीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद घायल लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जांच के अनुसार हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। पुलिस ने बताया कि ट्रेलर सड़क पर खराब हो गया था। जिसके कारण वह बिना बैरिकेड या चेतावनी संकेतों के सड़क पर ही खड़ा हुआ था। लेकिन विजिबिलिटी कम होने के कारण बस चालक ट्रेलर को देख नहीं पाया। जिसकी वजह से बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई।
