शहर

बिहार में टला बड़ा हादसा, बीच धारा में खराब हुई यात्रियों से भरी नाव; SDRF ने बचाई 100 से ज्यादा लोगों की जान

Bhagalpur Ganga River Boat Incident: भागलपुर में गंगा नदी के बीच यात्रियों से भरी नाव खराब होने से अफरा-तफरी मच गई। नाव में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।

Bhagalpur Ganga River Boat Incident: भागलपुर में गंगा नदी के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरी एक नाव अचानक बीच धारा में खराब हो गई, जिससे नाव में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नाव बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट (Bihar Boat Accident) की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और नाव बीच नदी में ही रुक गई। बताया जा रहा है कि नाव पर 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और कुछ मरीज भी शामिल थे।

मदद के लिए मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम

जैसे ही नाव बीच गंगा में फंसी, यात्रियों में डर का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर जोर-जोर से मदद मांगने लगे। नदी के तेज बहाव और नाव के रुक जाने से सभी यात्री काफी परेशान हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के जवानों ने काफी मेहनत के बाद नाव तक पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लोगों को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।

बचाव टीम के पहुंच जाने से बड़ा हादसा टला

नाव में मौजूद यात्रियों ने बताया कि इंजन बंद होते ही सभी लोग डर गए थे। खासकर बच्चों और मरीजों के साथ आए परिजन काफी घबरा गए थे। कई लोगों को लग रहा था कि नाव पलट सकती है। हालांकि समय रहते बचाव टीम के पहुंच जाने से बड़ा हादसा टल गया। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर नीलू ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई की और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि नदी में चलने वाली नावों की नियमित जांच होना जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना के बाद घाट इलाके में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article