शहर

भदोही में रफ्तार का कहर; बाइक से भिड़ंत के बाद ट्रक की चपेट में आए दो चचेरे भाईयों की मौत

भदोही जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। गोपीगंज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों युवकों को कुचल दिया। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक और अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

भदोही में दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Bhadohi Road Accident: भदोही जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर गोपीगंज थाना क्षेत्र के लाला नगर टोल प्लाजा के पास हुई। जानकारी देते हुए गोपीगंज थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि औराई थाना क्षेत्र के सरौली गांव निवासी 18 वर्षीय विवेक राज बिंद और उसका 19 वर्षीय चचेरा भाई सूरज बिंद मोटरसाइकिल से गोपीगंज बाजार की ओर जा रहे थे।

ट्रक ने भाइयों को कुचला

बताया जा रहा है कि, तभी टोल प्लाजा के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क के एक किनारे जा गिरे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक भी टक्कर के बाद सड़क के दूसरी ओर गिर पड़े। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फरार हो गए दूसरे युवक

पुलिस के मुताबिक, जैसे ही विवेक और सूरज सड़क पर गिरे, वाराणसी की दिशा में जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। इस भीषण हादसे में दोनों की मौके पर ही जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवकों को टक्कर में हल्की चोटें आईं और वे खतरे से बाहर हैं। हालांकि, वे अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर वहां से फरार हो गए।

इनके खिलाफ हुआ मामला दर्ज

थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के चाचा श्याम धर बिंद मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान की। उनकी तहरीर के आधार पर फरार ट्रक चालक और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना), 125 (ए) और 125 (बी) (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालना) तथा 106 (1) (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article