Barabanki Accident News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार तड़के भीषण रोड एक्सीडेंट हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। कार सवार लोग उत्तराखंड स्थित कैंची धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा हो गया।
फाइल फोटो
तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका
यह हादसा हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में भिखरा गांव के पास सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार कार भिखरा गांव के पास एक ट्रक में पीछे से टकराई। यह ट्रक सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहा था। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग उसमें बुरी तरह फंस गये। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने बताया कि इस घटना में मुगलसराय के चंदौली निवासी राहुल कुमार (29), गाजीपुर के रहने वाले राहुल सिंह (30), बलिया निवासी सत्यम सिंह (30) और सुल्तानपुर के रहने वाले सूरज मिश्रा (31) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पहले तो हैदरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
