बलिया : जिले में ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कदम चौराहा स्थित जगन्नाथ चौधरी प्रतिमा तिराहे पर बीच सड़क कार खड़ी करने को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल ने कार सवार युवकों से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया। आरोप है कि कार में सवार चार युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के येलो अलर्ट के बावजूद ट्रैफिक कांस्टेबल पंचानन यादव चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क के बीचोंबीच खड़ी कार को हटाने के लिए युवकों से कहा। इस बात से नाराज शराबी युवकों ने कांस्टेबल का कॉलर पकड़ लिया और जबरन उन्हें अपनी कार में खींचकर ले जाने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मौके पर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई और खुद को बचाने की अपील की।
कांस्टेबल के सपोर्ट में आए लोग
कांस्टेबल की आवाज सुनते ही वहां मौजूद युवकों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, एक युवक को कार से बाहर निकालकर सड़क पर घसीटा गया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ट्रैफिक कांस्टेबल पर कार चढ़ाने का प्रयास
ट्रैफिक कांस्टेबल पंचानन यादव ने आरोप लगाया कि शराबी युवकों ने उन्हें और वहां मौजूद लोगों को कार से कुचलने की भी कोशिश की। हालांकि स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचा लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
