Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव के पास हुई, जब एक कार अचानक नियंत्रण खोकर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी।
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी
सुखपुरा से बलिया जा रही थी कार
पुलिस के अनुसार मारुति सुजुकी 800 कार सुखपुरा से बलिया की ओर जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे धरहरा गांव के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के बाईं ओर स्थित एक मकान में जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
मौके पर दो लोगों की मौत
हादसे में कार सवार दो व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सुखपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल बलिया भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अमेठी में सिलेंडर विस्फोट से बिल्डिंग जमींदोज
दूसरी ओर अमेठी जिले में भी देर रात एक हादसा हो गया। अमेठी के जामो थाना क्षेत्र के कस्बे में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में सिलेंडर में विस्फोट होने से पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई। हादसे में मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
