शहर

Ballia News: घर से नाराज होकर निकली किशोरी, 3 दिन बाद सरयू नदी में मिली लाश; जांच जारी

बलिया में 14 वर्षीय लड़की का शव सरयू नदी में पुल के नीचे मिला। जानकारी के अनुसार वह 19 मार्च को परिवार से झगड़े के बाद घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस इस मामले में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सरयू नदी से उसका शव मिलने के बाद यह घटना सामने आई। किशोरी 3 दिन पहले घर से नाराज होकर निकली थी, जिसके बाद से ही वह लापता थी। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस इस केस में सभी एंगल से जांच कर रही है।

मांझी घाट पुल के नीचे मिला शव

पुलिस के अनुसार, राहगीरों ने चंद दियर गांव स्थित मांझी घाट पुल के नीचे नदी में एक शव देखा। जिसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान 14 वर्षीय खुशी यादव के रूप में की, वह करन छपरा गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

19 मार्च को घर से गुस्से में निकली किशोरी

थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि 19 मार्च को किशोरी अपने घर से अचानक चली गई थी। परिजनों के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हुआ था, जिससे नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गई थी। परिजन तभी से उसकी तलाश कर रहे थे। लेकिन वह कहीं मिली नहीं।पुलिस का अनुमान है कि किशोरी ने उसी दिन मांझी घाट पुल से नदी में छलांग लगा दी होगी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि अभी मौत की वजह सामने नहीं आई है।

पुलिस ने घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article