Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हाल ही में हुई एक रोडवेज कर्मी के बेटे की हत्या के मामले में शामिल चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान चारों गोली लगने से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नीतीश यादव, आशीष यादव, दिलीप यादव और राहुल वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस इस हत्याकांड में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
किसी घटना को अंजाम देने आए थे आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात करीब पौने तीन बजे उभांव थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी घटना को अंजाम देने के लिए इकठ्ठा हुए हैं। सूचना के आधार पर उभांव पुलिस की टीम थाना क्षेत्र के चैनपुर के पास पहुंची और देखा कि वहां चार पहियों वाले दो वाहन और एक मोटरसाइकिल खड़ी है। इस दौरान एक अपराधी ने शोर मचाया कि पुलिस आ गई है।इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस दल पर गोलियां चला दीं। उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में चार बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। चारों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके अस्पताल में भेज दिया है। वहीं मऊ जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का आनन्द कुमार वर्मा फरार हो गया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
13 दिसंबर को रोडवेज कर्मी के बेटे की हत्या
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि वे गत 13 दिसंबर को उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड कस्बे में रोडवेज कर्मी के बेटे आयुष यादव (25) की गोली मारकर हत्या की घटना में शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस छह लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्ला ने कहा कि मामले में एक अन्य आरोपी राबिन सिंह ने शनिवार को मऊ शहर कोतवाली में किया आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद इस मामले में गिरफ्तार कुल लोगों की संख्या 12 हो गई है।
(इनपुट - भाषा)
