Baghpat News: दिल्ली-अक्षरधाम से बागपत तक बने एक्सेस कंट्रोल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण करीब डेढ़ दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण टक्कर में दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हसनपुर मसूरी- मविकला गांव के पास अचानक छाई घनी धुंध के कारण तकरीबन 20 गाड़ियां आपसे में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
कोहरे के कारण टकराईं गाड़ियां
हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ियां
कोहरे से हुई बड़ी दुर्घटना
हादसा बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनपुर मसूरी-मवीकला गांव के पास हुआ। सुबह के समय अचानक घना कोहरा छा जाने से वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते तेज रफ्तार गाड़ियां एक-दूसरे से टकराती चली गईं। करीब 20 गाड़ियां इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुई हैं। हादसे में कार, पिकअप और अन्य निजी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही बागपत और खेकड़ा कोतवाली पुलिस, NHAI और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल खेकड़ा सीएचसी और बागपत जिला अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है। घायलों में खेकड़ा निवासी अशोक शर्मा, चरथावल के रहने वाले रफीक, नफीसा, सद्दाम और यूसुफ शामिल हैं। इनमें सद्दाम की हालत बेहद नाजुक है, हादसे में उनका एक पैर कटकर अलग हो गया, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया गया
मौके पर पहुंची पुलिस और NHAI की टीम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और NHAI की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद दिल्ली-अक्षरधाम से बागपत तक चलने वाले एक्सेस कंट्रोल मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी खेकड़ा सीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल सभी लोग निजी वाहनों से दिल्ली की ओर जा रहे थे। कोहरे के कारण हाईवे पर पहले से ही वाहन धीमी गति से चल रहे थे, लेकिन अचानक घनी धुंध छा जाने से यह भीषण हादसा हो गया। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इसी हाईवे पर कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें अनेक लोग घायल हुए थे।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस
चश्मदीद ने बताई आपबीती
एक प्रत्यक्षदर्शी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि कोहरा इतना ज्यादा था कि कुछ मीटर दूर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक एक वाहन रुका और पीछे से आ रही गाड़ियां उससे टकराती चली गईं, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन और वाहन चालकों दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
