शहर

बदायूं में गंगा दशहरा में गंगा में डूबने से 5 श्रद्धालुओं की मौत; बच्ची लापता; हमीरपुर में डूबे 3 बच्चे

उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित कछला और अटेना गंगा घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूबने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची अब भी लापता है। उधर हमीरपुर के मौदाहा में तालाब में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई।

Image

बदायूं में गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा

गंगा दशहरा के मौके पर उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बड़ा हादसा हो गया। कछला और अटेना गंगा घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूबने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची अब भी लापता है। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार का माहौल बन गया। खुशियों का पर्व देखते ही देखते मातम में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। लापता बच्ची की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय नाविक रिजवान, अनिल और उनकी गोताखोर टीम ने पुलिस के साथ मिलकर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम अविनाश कुमार राय और एसएसपी अंकित शर्मा ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेस्क्यू टीमों को सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद, मैनपुरी, हाथरस और बदायूं जिले के रहने वाले श्रद्धालुओं के रूप में हुई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

हमीरपुर के मौदाहा में तीन बच्चों की डूबकर मौत

हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खांडेह गांव में रामजानकी मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की गहरे पानी में चले जाने से डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही ग्रामीणों तक पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजन और आस-पड़ोस के लोग रोने-चिल्लाने लगे। हर कोई विलाप करते हुए पूछ रहा था कि हमारा लाल कहां चला गया। परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृत बच्चों की पहचान प्रबल (10 वर्ष, पुत्र घनश्याम यादव), आदित्य (9 वर्ष, पुत्र राजू कुशवाहा) और भोला (10 वर्ष, पुत्र सीताराम कुशवाहा) के रूप में हुई है। तीनों ही खांडेह गांव के निवासी थे। घटना के अनुसार, बच्चे रामजानकी मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत खांडेह गांव के एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें मौदहा सीएचसी रेफर कर दिया। मौदहा सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को थाना मौदहा क्षेत्रांतर्गत ग्राम खांडेह स्थित रामजानकी मंदिर के पास तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से तीन बालकों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर थाना मौदहा पुलिस, परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों को तत्काल पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी मौदहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। थाना मौदहा पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर रही है।

दूसरी ओर, हमीरपुर की घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अधिकारी मृतक के परिजन से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article