Assam Landslide: असम के दीमा हासाओ जिले में लगातार हो रही बारिश का कहर देखने को मिला। जिसके कारण बुधवार को एक के बाद एक लगातार दो लैंडस्लाइड की घटना हुई। जिससे हाफलोंग-सिलचर के बीच NH-27 का रास्ता पूरी तरह से बाधित हो गया। अचानक हुए इस भूस्खलन से सड़क पर मलबा आ गया, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप होने से लंबा जाम लग गया। जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम जारी है।
भूस्खलन से NH-27 पर यातायात ठप
दिन में भी हुआ भूस्खलन
अधिकारियों के मुताबिक, 22 अप्रैल को जतिंगा और हरंगाजाओ के बीच डलैचुंग क्षेत्र में दिनभर बारिश हुई। जिसके बाद अचानक भूस्खलन होने से मिट्टी और मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे कुछ समय के लिए रास्ता बंद होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि दोपहर बाद मलबा हटा दिया गया और रास्ता फिर से खोल दिया गया। लेकिन शाम को फिर से बारिश होने की वजह से उसी जगह दोबारा लैंडस्लाइड हो गई। जिससे सड़क पर बड़े पेड़ भी आ गिरे, जिससे एक बार फिर ट्रैफिक रुक गया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।
ये भी पढ़ें - Maharashtra Weather: सावधान! अगले 48 घंटे महाराष्ट्र के लिए भारी, अमरावती-अकोला में हीटवेव तो पुणे-सतारा में बारिश का साया
जतिंगा से हरंगाजाओं के बीच रोड का निर्माण कार्य
इस बीच, इस मार्ग पर विकास कार्य भी चल रहा है। जतिंगा से हरंगाजाओ के बीच करीब 25 किलोमीटर लंबे फोर-लेन रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। यह सिलचर–सौराष्ट्र पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर का हिस्सा है। हालांकि दलाईचुंग में दो रेलवे ओवरब्रिज का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जिसके कारण सड़क पूरी तरह चालू नहीं हो पा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जून से पहले इस मार्ग का आंशिक रूप से भी खुलना मुश्किल है।
