Alwar Accident News: राजस्थान के अलवर जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक पिकअप अन्य वाहनों से टकरा गई। जिससे पिकअप में आग लग गई और 3 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अलवर में दर्दनाक हादसा
दिल्ली से जयपुर जा रही थी पिकअप
यह हादसा अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 131.5 के पास हुआ। पिकअप दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह हादसो हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहित निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा), दीपेंद्र निवासी सागर (मध्यप्रदेश) और पदम निवासी सागर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए चालक की पहचान हन्नी निवासी झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया।
हरियाणा के झज्जर का था पिकअप
पुलिस को पिकअप वाहन के नंबर से पता चला कि यह हरियाणा के झज्जर का है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चला है कि पिकअप की अन्य वाहनों से टक्कर कैसे हुई। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
