शहर

सात साल की बेटी के सामने एयर इंडिया के पायलट ने पिता को दिया पीट, अब हुआ सस्पेंड

दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट द्वारा यात्री के साथ मारपीट के मामला सामने आया है। इस घटना पर एयरलाइंस द्वारा पायलट को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इस घटना की कड़ी निंदा भी की है।

Image

एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट ने यात्री को पीटा

Delhi News: बीते कई दिनों से किसी न किसी बात को लेकर एयर इंडिया चर्चा का केंद्र बनी हुई है। अब दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट द्वारा कथित तौर पर एक यात्री पर हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पायलट के हमले से यात्री लहूलुहान हो गया और उसने सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो और पायलट की फोटो पोस्ट की है और इस पोस्ट में उन्होंने डीजीसीए, एयर इंडिया और दिल्ली पुलिस को टैग किया। इस घटना की जानकारी मिलते ही एयरलाइंस ने आरोपी पायलट को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया है।

क्यों किया एयर इंडिया के पायलट ने यात्री पर हमला?

पीड़ित अंकित दीवान ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने उन पर दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर हमला किया और उनकी सात साल की बेटी ने इस घटना को देखा, जिससे वह सदमे में है और डरी हुई है। अंकित ने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को उस सिक्योरिटी चेक का इस्तेमाल करने के लिए कहा था, जो स्टाफ के लिए था। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसा इसलिए कहा गया था, क्योंकि उनके साथ 4 महीने का बच्चा स्ट्रोलर में था।

उन्होंने बताया इस दौरन उन्होंने स्टाफ के एक व्यक्ति को लाइन तोड़ते हुए देखा और जब उन्होंने उसे टोका तो कैप्टन वीरेंद्र ने उनसे पूछा की क्या वह अनपढ़ हैं, क्योंकि वहां लगे साइन पर स्टाफ एंट्री लिखा हुआ था। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और पायलट ने उन पर हमला कर दिया। अंकित ने बताया कि उन्हें घटना को लेकर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में नहीं पता, लेकिन इस घटना ने उन्हें यह पोस्ट करने के लिए मजबूर किया, जिसमें उन्हें दिल्ली पुलिस और एयर इंडिया को टैग किया है।

एयरलाइन ने घटना के बाद जारी किया बयान

एयर इंडिया के पायलट द्वारा यात्री के साथ मारपीट करने की घटना के बाद एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने यात्री को टैग करते हुए लिखा की 'अंकित दिवान दिल्ली हवाई अड्डे पर हुई इस घटना पर हमें गहरा खेद है, जिसमें हमारे एक कर्मचारी शामिल थे, जो किसी अन्य एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे। हम इससे हुई परेशानी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया गया है और गहन जांच होने तक उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि हम कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सार्वजनिक टिप्पणी से परहेज कर रहे हैं, कृपया आश्वस्त रहें कि यह मामला हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में है। हम निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए कानून प्रवर्तन अधिकारियों को पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article