Twisha Sharma: देश की राजधानी दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के चिकित्सकों की एक टीम ने रविवार को मॉडल-अभिनेत्री ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम पूरा लिया।
ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम संपन्न
ट्विशा के परिजन के वकील अंकुर पांडे ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत के दौरान कहा कि दूसरे पोस्टमार्टम की शुरुआत से पहले ट्विशा के भाई और भाभी ने उसके शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम अपराह्न करीब 3:40 बजे पूरा हुआ। इससे पहले, शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू होने के तत्काल बाद ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को भेजे एक संदेश में बताया कि रविवार शाम पांच बजे राजधानी भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ट्विशा को विदाई देने जा रहा परिवार
नवनिधि शर्मा ने कहा, "आज एक बेटी, एक बहन, एक मित्र को हम अंतिम विदाई देने जा रहे हैं।" उन्होंने कहा, "जिस बेटी ने सपनों के साथ जीवन की नयी शुरुआत की थी, वह असमय हम सबको छोड़कर चली गई। माता-पिता की नम आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीत रहा हर क्षण हमारे समाज के लिए एक मौन प्रश्न है।"
लोगों से अंतिम संस्कार में शामिल होने की अपील
ट्विशा के परिजन ने राजधानी भोपाल के नागरिकों, समाजसेवियों, माताओं, बहनों, युवाओं तथा संवेदनशील नागरिकों से ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, "इसमें शामिल होकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें तथा शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हों।" उन्होंने कहा, "आज जब ट्विशा पंचतत्व में विलीन होगी, तब केवल एक परिवार नहीं रोएगा, बल्कि हर वह हृदय व्यथित होगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।"
फंदे से लटका मिला था शव
इससे पहले, ट्विशा के परिवार ने बोर्ड से बहु-विषयक फोरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दृष्टिकोण अपनाने और उन मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करने का आग्रह किया जिनके बारे में उसने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे। भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को ससुराल वालों के मकान में ट्विशा (33) का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, ट्विशा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि उसे नशे की लत थी।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम का गठन किया था। यह मेडिकल टीम शनिवार को भोपाल पहुंची थी। इस बीच, पुलिस ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ कर रही है, जिसे शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ्तार किया गया था। वह 10 दिन से फरार था। भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 80 (2), 85 और 3 (5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
