Agra News: आगरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां थाना किरावली क्षेत्र अंतर्गत पुरामना नहर की पटरी पर सोमवार सुबह दो युवकों के खून से सने शव मिले हैं। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगा है कि दोनों की हत्या कर शवों को वहां फेंका गया था। मृतकों की पहचान नेत्रपाल (38 वर्ष), पुत्र चंद्रभान, और कृष्णपाल उर्फ केपी (35 वर्ष), पुत्र लालाराम, के रूप में हुई है। दोनों निवासी ग्राम अरदाया, थाना अछनेरा, और आपस में अच्छे दोस्त थे।
घटना की जानकारी सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों को उस समय हुई, जब वे खेतों में चारा काटने पहुंचे। उन्होंने नहर किनारे खून से लथपथ शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना किरावली की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को थाना अछनेरा चौराहे पर रखकर प्रदर्शन किया और हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए थाना किरावली, अछनेरा और फतेहपुर सीकरी की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त (अछनेरा) गौरव सिंह, उपजिलाधिकारी (किरावली) नीलम तिवारी, पुलिस उपायुक्त अतुल शर्मा तथा अपर पुलिस आयुक्त आगरा रामबदन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिससे संकेत मिलते हैं कि हत्या में फायरिंग की गई थी। फिलहाल पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
