आगरा

मोबाइल के बदले हारी जिदंगी! फोन निकालने के लिए कुएं में उतरे 3 युवक, नहीं लौटे वापस

फिरोजाबाद में एक युवक का मोबाइल कुएं में गिर गया। जिसे निकालने के लिए तीन युवक एक-एक कर कुएं में उतरे। बताया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस थी। जिस कारण उनकी मौत हो गई। उनके शवों को 4 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया।

Image

फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा

Firozabad News: फिरोजाबाद में शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला पोपी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार दोपहर कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने के दौरान एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब एक बजे की है, जब ध्रुव (25) अपने चचेरे भाई अजय (28) और दोस्त चंद्रवीर के साथ कुएं के किनारे बैठा था। तभी उसका मोबाइल फोन कुएं में गिर गया। जिसे निकालने के प्रयास के दौरान तीन युवकों की कथित तौर पर मीथेन गैस से मौत हो गई।

तीनों युवक एक-एक कर कुएं में उतरे

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट विशु राजा ने बताया कि ध्रुव मोबाइल निकालने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन जब वह आधे घंटे तक वापस नहीं आया तो अजय भी उसकी मदद के लिए कुएं में कूद गया। उन्होंने बताया कि जब दोनों वापस नहीं आए तो चंद्रवीर भी कुएं में उतर गया। उन्होंने बताया कि तीनों के बाहर नहीं आने पर मौके पर एकत्रित लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस व प्रशासन को दी।

4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

अपर जिला अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मौके पर क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद को भेजा। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह कुआं इसी परिवार की पुश्तैनी जगह पर स्थित है और तीनों युवकों की मौत संभवतः कुएं में मीथेन गैस के कारण हुई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article