Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस और शातिर चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घटना थाना रामगढ़ क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने बीती बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे मुठभेड़ के बाद बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों के कब्जे से पुलिस को देशी तमंचे, गोलियां और कई चोरी के ई-रिक्शे मिले हैं। चोरों का यह गिरोह चोरी के ई रिक्शों को बेचने की फिराक में था।
घायल बदमाशों को अस्पताल ले जाती पुलिस
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि चोर गिरोह के सदस्य चोरी के ई-रिक्शों को बाईपास रोड फैक्ट्री एरिया की तरफ बेचने की फिराक में हैं। सूचना के मुताबिक पुलिस ने जब इनके अड्डे पर पहुंच कर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश ऋतिक और नीरज के पैरों में लगी, जिसके बाद दोनों घायल होकर गिर पड़े।
बरामद हुए 7 ई-रिक्शे
घटनास्थल से पुलिस ने सात चोरी के ई-रिक्शा, दो देशी तमंचे और कई राउंड जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लंबे समय से ई-रिक्शा चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और इनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
