ताजनगरी आगरा में जी-20 समिट के लिए आने वाले मेहमानों को खेरिया एयरपोर्ट से ही देश की संस्कृति और कला नजर आने लगेगी। खेरिया एयरपोर्ट पर तीन जगह देश की सांस्कृतिक विरासत और नृत्य को प्रदर्शित किया जाएगा। एयरपोर्ट से ताजमहल व होटल तक के रास्ते पर 20 चौराहों पर गिद्दा, डांडिया, चरकुला, मलखंभ, मयूर नृत्य, बंजारा आदि का कलाकार प्रदर्शन करेंगे। जी-20 की तैयारियों के लिए कमिश्नर अमित गुप्ता ने मंडलायुक्त सभागार में बैठक की। उन्होंने जानकारी दी कि संस्कृति विभाग की तरफ से विदेशी मेहमानों का एयरपोर्ट पर स्वागत होगा, जिसमें शहनाई वादन के साथ अन्य वाद्य यंत्रों की कलाकार प्रस्तुति देंगे।
मेहमानों के स्वागत के लिए ताजनगरी तैयार
इसके साथ ही डांडिया, गिद्दा, बंजारा और मयूर नृत्य का प्रदर्शन भी किया जाएगा। ताजनगरी के चौराहों पर देश के सभी राज्यों से लोक कला और नृत्य का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके लिए कलाकार बुलाए गए हैं।
