ओडिशा के गजपति जिले से गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, गजपति के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवान जगन्नाथ का भजन गा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर मंच पर गिर गए। उसी हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भजन गाते एडीएम की मौत
गजपति के एडीएम की मौत की पूरी घटना लाइव रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के वक्त एडीएम बीरेंद्र दास को स्टेज पर जगन्नाथ भजन (Jagannath Bhajan) गाते हुए देखा जा सकता है। फिर अचानक वह असंतुलित होकर मंच के फर्श पर गिर जाते हैं। उन्हें तुरंत परलाखेमुंडी जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) और फिर बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
